CG News : मुनाफे का लालच देकर दम्पति के साथ 32 लाख की ठगी, 2 लाख रुपए देकर जीता भरोसा
CG News : रायपुर शहर में एक सरकारी स्वास्थ्यकर्मी और उनकी पत्नी के साथ हुई साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसने एक आम परिवार की आर्थिक और मानसिक स्थिति को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है। दलदल सिवनी क्षेत्र के रहने वाले मनोज कुमार, जो कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं, से एक अज्ञात नंबर ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क साधा।
जानिये पूरा मामला
ठग ने खुद को एसबीआई सिक्योरिटीज और IBHK का एजेंट बताते हुए मनोज और उनकी पत्नी को शेयर ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा। ग्रुप में पहले से कई लोग सक्रिय थे, जो शेयर मार्केट में गारंटीड मुनाफे के झूठे दावे कर रहे थे। नकली लेन-देन और मुनाफे की दिखावटी रिपोर्टिंग ने पीड़ित दंपत्ति का विश्वास जीत लिया।
7 अक्टूबर 2024 को मनोज ने अपनी पत्नी के एचडीएफसी खाते से यूको बैंक में 2 लाख रुपए ट्रांसफर किए। तीन दिन के भीतर ही 2.75 लाख रुपए का मुनाफा वापस उनके खाते में ट्रांसफर कर दिया गया, जिससे उन्हें इस स्कीम पर पूरा भरोसा हो गया। इसके बाद 3 से 15 अक्टूबर के बीच उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों — बंधन बैंक, यूको बैंक, ICICI, HDFC और रोहताश इलेक्ट्रिसिटी — में कुल 32 लाख 80 हजार रुपए निवेश के नाम पर ट्रांसफर कर दिए।
बैंक हुआ फ्रीज़
कुछ ट्रांजेक्शन उन्होंने अपने HUF अकाउंट से भी किए, लेकिन अचानक ही सारे लेन-देन रुक गए। जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया, तो सच्चाई सामने आई — उनके खाते में आया 2.75 लाख का मुनाफा असल में केरल में एक अन्य व्यक्ति से हुई साइबर ठगी का हिस्सा था। मामला केरल के त्रिशूर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज हो चुका था, जिसके चलते मनोज का बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया।
अब न केवल मनोज कुमार अपनी जीवनभर की जमा पूंजी से हाथ धो बैठे हैं, बल्कि उनके खाते फ्रीज हो जाने से सैलरी और लोन की किश्तें भी अटक गई हैं। उन्होंने मोवा थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करवाई है और सभी दस्तावेज ईमेल के जरिए केरल पुलिस को भी भेज दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई राहत नहीं मिली है।
ठोस कार्रवाई की मांग
मनोज की साफ मांग है कि प्रशासन और साइबर सेल जल्द से जल्द कार्रवाई करे ताकि उनके खाते चालू हों और वो अपनी आर्थिक जिम्मेदारियों को पूरा कर सकें। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर गारंटीड मुनाफे का लालच अक्सर साइबर ठगी का जाल साबित होता है।