CG News: कोरबा कार्बन फैक्ट्री हादसा, बॉयलर फटने के बाद लगी भीषण आग, कई मजदूरों के झुलसने की आशंका
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक कार्बन फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री में अचानक आग लग गई, जिसके बाद कई जोरदार धमाके भी हुए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक बॉयलर फटने के बाद आग भड़की और देखते ही देखते पूरे फैक्ट्री परिसर को अपनी चपेट में ले लिया.

फैक्ट्री से उठीं ऊंची लपटें
हादसे के बाद फैक्ट्री से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. वहीं, जहरीले धुएं का गुबार कई दूर तक दिखाई दिया. आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके में भी दहशत का माहौल बन गया, जानकारी के अनुसार, घटना के समय फैक्ट्री के अंदर करीब 35 से 40 मजदूर काम कर रहे थे. हादसे में कई मजदूरों के झुलसने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि अभी तक घायलों की संख्या और स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
मौके पर पहुंची राहत टीमें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही फैक्ट्री के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम भी जारी है.
हादसे की वजह की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि बॉयलर में विस्फोट किस वजह से हुआ और सुरक्षा इंतजामों में कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई, औद्योगिक क्षेत्र में हुए इस हादसे ने फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस भीषण हादसे के पीछे असली वजह क्या थी.