CG News: छत्तीसगढ़ शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला: स्कूलों में अब राष्ट्रगीत और राज्यगीत होंगे अनिवार्य, तीन समय का नया शेड्यूल जारी
CG News: छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी स्कूलों के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा आदेश जारी किया है। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 से सभी स्कूलों में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ-साथ राज्यगीत को भी अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही कई सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से कराई जाएंगी।
तीन हिस्सों में बांटा गया पूरा शेड्यूल
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार स्कूलों की दैनिक गतिविधियों को तीन चरणों में बांटा गया है
सुबह की प्रार्थना सभा
स्कूल शुरू होते ही प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी, जिसमें—
• राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत
• दीप मंत्र और सरस्वती वंदना
• गुरु मंत्र
• महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी का वाचन
दोपहर का भोजन मंत्र
दोपहर के भोजन के समय छात्र-छात्राएं सामूहिक रूप से भोजन मंत्र का पाठ करेंगे, जिससे अनुशासन और संस्कारों को बढ़ावा दिया जाएगा।
शाम का समापन कार्यक्रम
स्कूल की छुट्टी के समय—
• राज्य गीत
• गायत्री मंत्र
• शांति मंत्र
का सामूहिक गायन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
सख्त निगरानी और कार्रवाई के निर्देश
शिक्षा विभाग का मानना है कि इन गतिविधियों से छात्रों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास होगा। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से स्कूलों का औचक निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, नियमों का पालन न करने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य पर कार्रवाई की जा सकती है।
16 जून से खुलेंगे छत्तीसगढ़ के स्कूल
राज्य के सभी स्कूल 16 जून 2026 से पुनः खुलेंगे। इस अवसर पर ‘शाला प्रवेश उत्सव 2026’ भी आयोजित किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों की 100% उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, इसके साथ ही स्कूलों में पाठ्यपुस्तक वितरण, टाइम टेबल व्यवस्था और साफ-सफाई को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, यह नया शेड्यूल छात्रों में अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।