CG News: पीएम मोदी और CEC पर अमित जोगी के विवादित वीडियो से सियासी घमासान, BJP ने FIR की मांग की
CG News: छत्तीसगढ़ में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (JCC-J) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के एक सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुखौटे पहने किरदारों के जरिए सांकेतिक शादी और हनीमून के दृश्य दिखाए गए थे. इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और FIR की मांग की.

‘ज्ञानू-जानू की शादी’ के नाम से पोस्ट किया था वीडियो
दरअसल, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इसमें दोनों के मुखौटे पहने किरदारों को दिखाया गया और ‘ज्ञानू-जानू की शादी’ के नाम से सांकेतिक विवाह और हनीमून का दृश्य प्रस्तुत किया गया. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना शुरू हो गई और मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया.
विवाद बढ़ने पर अमित जोगी ने हटाया वीडियो
विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया. उन्होंने पोस्ट के जरिए स्वीकार किया कि अपनी बात रखने का तरीका उचित नहीं था और जिस संदेश को वह देना चाहते थे, उसे दूसरे तरीके से भी रखा जा सकता था, जोगी ने कहा कि खुद का मजाक उड़ाकर अपनी बात रखना अलग है, लेकिन किसी के निजी रिश्ते या निजी स्पेस को व्यंग्य का हिस्सा बनाना ऐसी सीमा है, जिसे वह पार नहीं करना चाहते. उन्होंने पोस्ट हटाने के साथ उन लोगों से माफी भी मांगी, जिनकी भावनाएं आहत हुई हैं.
राजेश मूणत बोले, वीडियो बनाने वालों पर भी कार्रवाई हो
भाजपा विधायक राजेश मूणत ने इस मामले में कहा कि वीडियो में देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदार दिखाकर बेडरूम से जुड़े दृश्य प्रस्तुत किए गए हैं. उन्होंने बताया कि भाजपा ने केवल अमित जोगी ही नहीं, बल्कि वीडियो की पटकथा लिखने वालों, कैमरामैन और इसमें भूमिका निभाने वाले लोगों के खिलाफ भी शिकायत की है, भाजपा नेताओं ने सिविल लाइंस थाने में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. राजेश मूणत के मुताबिक, इस वीडियो को लेकर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है. उन्होंने पुलिस से 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने की मांग की है.
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी नजरें
वीडियो हटाने और अमित जोगी की ओर से माफी मांगे जाने के बावजूद राजनीतिक विवाद जारी है. भाजपा ने वीडियो से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. अब इस मामले में पुलिस शिकायत पर क्या कदम उठाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.
One thought on “CG News: पीएम मोदी और CEC पर अमित जोगी के विवादित वीडियो से सियासी घमासान, BJP ने FIR की मांग की”