CG News: रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, तीन नए DCP की हुई नियुक्ति
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत कमिश्नरेट को तीन नए पुलिस उपायुक्त, DCP, मिले हैं. नई नियुक्तियों के साथ पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है.
तारकेश्वर पटेल को मिली नई जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार, तारकेश्वर पटेल को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जोन मध्य, के पद से पदोन्नत कर पुलिस उपायुक्त, जोन मध्य, बनाया गया है. वे अब जोन मध्य की कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे.
दीपमाला कश्यप बनीं DCP जोन उत्तर
बिलासपुर में विशेष शाखा की जिला पुलिस अधीक्षक रहीं दीपमाला कश्यप को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त, जोन उत्तर, के पद पर पदस्थ किया गया है. नई जिम्मेदारी के तहत वे जोन उत्तर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था का नेतृत्व करेंगी.
अर्चना झा को सौंपी गई यातायात की कमान
अर्चना झा, जो अब तक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, मुख्यालय, प्रशिक्षण, डीएसबी, अजाक एवं सीडब्ल्यूसी, के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें अब पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल, रायपुर, बनाया गया है. वे शहर की यातायात व्यवस्था और प्रोटोकॉल संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगी.
प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
पुलिस विभाग का मानना है कि इन नई नियुक्तियों से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली और अधिक मजबूत होगी. नए अधिकारियों के अनुभव का लाभ कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मिलने की उम्मीद है.