CG News: छत्तीसगढ़ को मिले 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज, NMC से मिली मंजूरी, इसी सत्र से शुरू होगी पढ़ाई
CG News: छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने जा रहा है. राज्य के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग, NMC, से मंजूरी मिल गई है. ये मेडिकल कॉलेज कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, दंतेवाड़ा और कुनकुरी में स्थापित किए जाएंगे. सभी कॉलेजों में 50-50 एमबीबीएस सीटों के साथ इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है.
मुख्यमंत्री ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और मेडिकल शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है. मुख्यमंत्री ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा के प्रति आभार भी व्यक्त किया.
दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
नए मेडिकल कॉलेज खुलने से दंतेवाड़ा, कुनकुरी, मनेंद्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम जैसे क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने ही प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा. साथ ही इन जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
250 नई MBBS सीटें होंगी शामिल
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में पहली बार एक साथ पांच नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी मिली है. इन कॉलेजों के शुरू होने से राज्य में एमबीबीएस की 250 नई सीटें जुड़ जाएंगी, जिससे मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे.
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि नए मेडिकल कॉलेजों के संचालन से डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी, स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी और युवाओं को अपने क्षेत्र में ही चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा. इससे आने वाले वर्षों में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा दोनों को नई गति मिलने की उम्मीद है.