CG News: मूर्ति पूजा पर भूपेश बघेल के बयान से छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, बीजेपी ने साधा निशाना
CG News: छत्तीसगढ़ में मूर्ति पूजा को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक बयान के बाद बीजेपी ने उन पर सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया है. दरअसल, बीजेपी के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा था कि मूर्ति पूजा नहीं करने वालों का गरबा में क्या काम है. इस बयान पर भूपेश बघेल ने प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय दर्शन और देश की अलग-अलग धार्मिक परंपराओं का जिक्र किया. अब बीजेपी उनके जवाब को लेकर हमलावर है.

भूपेश बघेल ने मूर्ति पूजा को लेकर क्या कहा?
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजेश अग्रवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें भारतीय दर्शन को समझना चाहिए. भूपेश बघेल ने कबीर पंथ, सिख धर्म और सतनाम पंथ का उदाहरण देते हुए सवाल किया कि इन परंपराओं में मूर्ति पूजा कहां होती है. उन्होंने कहा कि भारत में कई ऐसे पंथ हैं, जहां गुरु परंपरा को महत्व दिया जाता है और मूर्ति पूजा नहीं की जाती. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भारत को समझना चाहिए, फिर इस तरह की बातें करनी चाहिए.

बीजेपी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साधा निशाना
भूपेश बघेल के बयान के बाद बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर उन पर सनातन धर्म को अपमानित करने का आरोप लगाया. पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री के बयान से जुड़ा वीडियो साझा करते हुए लोगों से इसे अंत तक देखने की अपील की. इस पोस्ट के जरिए बीजेपी ने भूपेश बघेल के बयान पर सवाल उठाए और उन्हें घेरने की कोशिश की.
पूर्व विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी किया पलटवार
इस विवाद में पूर्व विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी भूपेश बघेल पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति का शुभचिंतक होने का दावा करने वाले भूपेश बघेल को इस तरह का बयान देना शोभा नहीं देता. पुरंदर मिश्रा ने मूर्ति पूजा को लेकर दिए गए बयान को बेतुका बताया और कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग मूर्ति पूजा के समर्थक हैं, मूर्ति पूजा और गरबा को लेकर शुरू हुई यह बयानबाजी अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद का रूप लेती दिखाई दे रही है. भूपेश बघेल के बयान पर बीजेपी की प्रतिक्रिया के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे को लेकर बहस तेज हो गई है.
One thought on “CG News: मूर्ति पूजा पर भूपेश बघेल के बयान से छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, बीजेपी ने साधा निशाना”