CG News: अंबिकापुर में नशे में मिले दुर्ग के ASI और आरक्षक, लावारिस हालत में मिली इंसास राइफल
CG News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में दुर्ग जिले के दो पुलिसकर्मियों से जुड़ा मामला सामने आया है. प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास एक एएसआई और आरक्षक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत हालत में पड़े मिले. दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग से एक कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने आए थे. इसी दौरान उनकी इंसास राइफल लावारिस हालत में मिली. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.

कैदी को जेल पहुंचाने आए थे दोनों पुलिसकर्मी
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग जिले में पदस्थ एएसआई और आरक्षक एक कैदी को अंबिकापुर जेल में शिफ्ट करने के लिए आए थे. इसी दौरान प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास दोनों के कथित तौर पर नशे में होने की जानकारी सामने आई. बताया जा रहा है कि उनकी इंसास राइफल भी वहां असुरक्षित हालत में पड़ी मिली. सार्वजनिक स्थान पर सरकारी हथियार लावारिस मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, सूचना मिलने के बाद बस स्टैंड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लावारिस हालत में मिली इंसास राइफल को अपने कब्जे में ले लिया. घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया. दोनों पुलिसकर्मी दुर्ग जिले में पदस्थ हैं और कैदी को अंबिकापुर जेल पहुंचाने की जिम्मेदारी पर आए थे.

वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया मामले का संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा और दुर्ग के पुलिस अधीक्षकों ने घटनाक्रम का संज्ञान लिया है. फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर नजर बनी हुई है. दोनों पुलिसकर्मियों की स्थिति और ड्यूटी के दौरान हुई कथित लापरवाही को लेकर जांच के बाद ही तस्वीर स्पष्ट होगी, पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी कैदी को सुरक्षित जेल तक पहुंचाने के साथ सरकारी हथियारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है. ऐसे में ड्यूटी के दौरान कथित तौर पर नशे में पाए जाने और इंसास राइफल के लावारिस हालत में मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. अब यह देखना होगा कि जांच के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं.
One thought on “CG News: अंबिकापुर में नशे में मिले दुर्ग के ASI और आरक्षक, लावारिस हालत में मिली इंसास राइफल”