CG News: छत्तीसगढ़ में RTE प्रवेश का तीसरा चरण 22 जुलाई से, 9,242 सीटों पर होगा एडमिशन
CG News: छत्तीसगढ़ के निजी स्कूलों में शिक्षा का अधिकार, यानी RTE के तहत प्रवेश लेने वाले अभिभावकों और छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. पहली कक्षा में प्रवेश का तीसरा और अंतिम चरण 22 जुलाई से शुरू होगा. इससे पहले 17 से 21 जुलाई के बीच स्कूलवार रिक्त सीटों की सूची जारी की जाएगी, जिससे अभिभावकों को अपने जिले और स्कूल में उपलब्ध सीटों की जानकारी मिल सकेगी.
9,242 सीटों पर होगा प्रवेश
RTE प्रवेश प्रक्रिया के दो चरण पूरे होने के बाद भी प्रदेशभर में 9,242 सीटें खाली हैं. इन रिक्त सीटों को भरने के लिए अब तीसरे चरण में लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा. यह इस शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश का अंतिम अवसर होगा.
अब तक 13,882 छात्रों को मिला प्रवेश
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, प्रदेश के 6,858 निजी स्कूलों में RTE के तहत कुल 23,124 सीटें उपलब्ध हैं. पहले और दूसरे चरण की प्रक्रिया के बाद अब तक 13,882 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है. चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित स्कूलों में दाखिला लेना था.
अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे स्कूलवार जारी होने वाली रिक्त सीटों की सूची पर नजर रखें और निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन और प्रवेश संबंधी सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी करें. तीसरे चरण के बाद शेष सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी.