CG News: बिलासपुर में भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन हाई अलर्ट पर, स्कूल और आंगनबाड़ी बंद
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के दौरान भारी वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है. कई घरों में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने सुरक्षित स्थानों की ओर जाना शुरू कर दिया है.
प्रशासन हाई अलर्ट पर
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने सभी विभागों को आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से कहा गया है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
संभावित आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है. सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं.
स्कूल और आंगनबाड़ी रहेंगे बंद
प्रशासन के आदेश के अनुसार जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक की नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं. इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे. हालांकि, विद्यालयों के संस्था प्रमुख, शिक्षक और प्रशासनिक कर्मचारियों को स्कूल में उपस्थित रहकर भवन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. जरूरत पड़ने पर स्कूल भवनों का उपयोग अस्थायी राहत शिविर के रूप में भी किया जा सकेगा.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें. नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन और स्थानीय अधिकारियों से तुरंत संपर्क करें.