CG News: CG हाईकोर्ट को मिलेगा नया चीफ जस्टिस, संजय के. अग्रवाल समेत 3 जजों का प्रमोशन
CG News: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मौजूदा चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा के 4 सितंबर को रिटायर होने के बाद हाईकोर्ट को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है. सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने ओडिशा हाईकोर्ट के जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की है. जस्टिस सिन्हा के सेवानिवृत्त होने के बाद नई नियुक्ति लागू होने पर न्यायालय की कमान जस्टिस मोहपात्रा संभालेंगे.

संजय के. अग्रवाल राजस्थान जाएंगे
कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के वरिष्ठ जज जस्टिस संजय के. अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की है. इसके अलावा गुजरात हाईकोर्ट के जस्टिस अल्पेश यशवंत कोग्जे को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट और राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाने की अनुशंसा की गई है. इन बदलावों के बाद कई हाईकोर्ट की न्यायिक व्यवस्था में परिवर्तन देखने को मिलेगा.
तीन नए जजों की नियुक्ति की सिफारिश
कॉलेजियम ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति की भी अनुशंसा की है. इनमें न्यायिक अधिकारी संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार के नाम शामिल हैं. जस्टिस संजय के. अग्रवाल के राजस्थान हाईकोर्ट जाने और अन्य सेवानिवृत्तियों के बीच इन नियुक्तियों से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
जानिए कौन हैं जस्टिस मोहपात्रा
जस्टिस कृष्ण राम मोहपात्रा का जन्म 18 अप्रैल 1965 को हुआ था और उनके पिता सरत चंद्र मोहपात्रा भी न्यायिक सेवा से जुड़े रहे हैं. उन्होंने बीए और एलएलबी की शिक्षा पूरी की और 7 फरवरी 1988 को ओडिशा स्टेट बार काउंसिल में अधिवक्ता के तौर पर पंजीकरण कराया. वकालत के दौरान उन्होंने सिविल, आपराधिक, संवैधानिक और सेवा मामलों सहित कानून के अलग-अलग क्षेत्रों में काम किया.
हाईकोर्ट में बदल जाएगा न्यायिक समीकरण
जस्टिस मोहपात्रा को विभिन्न कानूनी क्षेत्रों का लंबा अनुभव है, वहीं वे ओडिशा सरकार और ओडिशा लोक सेवा आयोग के लिए भी अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में काम कर चुके हैं. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जस्टिस संजय एस. अग्रवाल और जस्टिस राधाकिशन अग्रवाल के अगस्त में सेवानिवृत्त होने के बाद जजों की संख्या में कमी आई है, जबकि 4 सितंबर को चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा भी रिटायर होंगे. कॉलेजियम की सिफारिशों पर नियुक्तियां पूरी होने के बाद हाईकोर्ट के न्यायिक ढांचे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें : CG News: अगस्त की बारिश से बांधों में बढ़ा जलस्तर, कई जलाशय 100% भरे, कुछ से छोड़ा जा रहा पानी