CG News: छत्तीसगढ़ BJP में बड़े बदलाव की तैयारी, कार्यकारी अध्यक्ष की रेस में तोखन साहू आगे
CG News: छत्तीसगढ़ भाजपा में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की संभावित नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के सड़क हादसे में घायल होने के बाद उनकी संगठनात्मक सक्रियता सीमित बताई जा रही है. ऐसे में पार्टी जल्द ही किसी वरिष्ठ नेता को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंप सकती है, हालांकि अंतिम फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को करना है.
तोखन साहू का नाम सबसे आगे
कार्यकारी अध्यक्ष की दौड़ में केंद्रीय मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें दिल्ली बुलाया है. इसके अलावा पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के नामों की भी चर्चा है. हालांकि पार्टी की ओर से अभी किसी नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है.
OBC समीकरण और बिलासपुर पर फोकस
तोखन साहू की हालिया राजनीतिक सक्रियता को भी संगठन में नई जिम्मेदारी की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है. वे पिछले कुछ दिनों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ सरकार और संगठन से जुड़ी बैठकों में नजर आए हैं. उनके नाम की चर्चा में OBC सामाजिक समीकरण के साथ बिलासपुर संभाग में भाजपा के संगठन को और मजबूत करने की संभावना को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
7 मोर्चों के नए प्रभारी नियुक्त
इसी बीच छत्तीसगढ़ भाजपा ने सात मोर्चों के नए प्रभारियों की घोषणा कर दी है. युवा मोर्चे की जिम्मेदारी वैभव बैस, महिला मोर्चे का प्रभार सुभाष तिवारी और किसान मोर्चे की जिम्मेदारी पूनम चंद्राकर को दी गई है. वहीं पिछड़ा वर्ग मोर्चे का प्रभारी लखनलाल साहू, अनुसूचित जनजाति मोर्चे का प्रभारी शिरिष अग्रवाल और अनुसूचित जाति मोर्चे का प्रभारी डॉ. गुलाब टिकरिहा को बनाया गया है.
केंद्रीय नेतृत्व के फैसले का इंतजार
भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी मनोज जैन को सौंपी है. मोर्चों में नियुक्तियों के बाद अब प्रदेश संगठन में कार्यकारी अध्यक्ष को लेकर भी फैसला होने की चर्चा है. फिलहाल कई नेताओं के नाम सामने हैं, लेकिन अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा. आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा कि छत्तीसगढ़ भाजपा की नई संगठनात्मक जिम्मेदारी किस नेता को मिलती है.