CG News: CG में H1N1 का बढ़ता संक्रमण, रायपुर में सबसे ज्यादा केस, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
CG News: छत्तीसगढ़ में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. प्रदेश में अब तक 115 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने की जानकारी सामने आई है, जबकि एक्टिव केस की संख्या 18 से बढ़कर 28 हो गई है. बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को सतर्क रहने और संक्रमित मरीजों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
7 अस्पताल में भर्ती
दुर्ग जिले में अब तक 13 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है. इनमें से 4 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं, जबकि 2 मरीजों का उपचार घर पर चल रहा है. वहीं 7 संक्रमित मरीज अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रही हैं और संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
रायपुर में बढ़े एक्टिव केस
राजधानी रायपुर में 3 नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 54 हो गई है. यहां एक्टिव केस भी 6 से बढ़कर 9 हो गए हैं. बिलासपुर में संक्रमित मरीजों की संख्या 12 से बढ़कर 13 हुई है, जबकि एक्टिव केस 3 बताए गए हैं. सरगुजा में भी एक नया मरीज सामने आया है, जिसके बाद जिले में संक्रमितों की संख्या 3 हो गई है.
कमजोर इम्युनिटी वालों को सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं समेत कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और गले में खराश हो सकते हैं. सांस लेने में परेशानी के साथ बुखार या खांसी बढ़ने पर लोगों को तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है.
लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि H1N1 संक्रमित मरीज मिलने पर इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को दी जाए. विभाग के मुताबिक संक्रमण खांसने और छींकने से निकलने वाली छोटी बूंदों के जरिए फैल सकता है, इसलिए भीड़भाड़ और बंद स्थानों पर विशेष सावधानी जरूरी है. लोगों से अपील की गई है कि लक्षणों को सामान्य बीमारी समझकर इलाज में देरी न करें और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
यह भी पढ़ें : CG News: दुर्ग में ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व CM भूपेश बघेल के PA के घर पहुंची टीम