CG News: बिलासपुर में पुलिसकर्मी का रिश्वत लेते हुआ वीडियो वायरल
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पचपेड़ी थाना का कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े रिश्वत लेते कैमरे में कैद हुआ। उसने आबकारी एक्ट में फंसाने की धमकी देकर जोगी नायक से 1 लाख 5 हजार रुपए लिए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को शिकायत की है। घटना में अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल थे और जोगी की पत्नी ने जमीन गिरवी रखकर पैसे दिए।
जानिए पूरा मामला
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पचपेड़ी थाना क्षेत्र के कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े को रिश्वत लेते कैमरे में कैद किया गया है। कॉन्स्टेबल ने आबकारी एक्ट के केस में फंसाने की धमकी देकर 1 लाख 5 हजार रुपए लिए। मामला सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए सामने आया।
पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को डराया-धमकाया
मिली जानकारी के मुताबिक, 6 अक्टूबर की शाम मानिकचौरी निवासी जोगी नायक को हेड कॉन्स्टेबल हरवेंद्र खुंटे ने पचपेड़ी थाने के सरकारी क्वार्टर में बुलाया। वहां आरक्षक गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर और मुरीत बघेल भी मौजूद थे। चारों पुलिसकर्मियों ने जोगी नायक को धमकाया, जेल भेजने और शराब जब्त करने की धमकी दी।
जमीन गिरवी रखकर पत्नी ने दी रकम
पीड़ित के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने 2 लाख रुपए की जबरन मांग की। जोगी नायक की पत्नी कामिनी नायक ने पति को बचाने के लिए जेवरात और जमीन गिरवी रखकर 1 लाख 5 हजार रुपए दिए। पैसे देते समय वीडियो भी बनाया गया, जिसमें कॉन्स्टेबल गजपाल जांगड़े नोट गिनते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को शिकायत
वीडियो में पैसों की गड्डियां पलंग पर रखी और गजपाल जांगड़े पैसों को गिनते नजर आ रहे हैं। जोगी नायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र लिखकर गजपाल जांगड़े, अजय मधुकर, मुरीत बघेल और हरवेंद्र खुंटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।