CG News: रायगढ़ में शराब के नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक पर कार्रवाई, वीडियो वायरल होते ही निलंबित
CG News: रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत छातासराई प्राथमिक शाला का यह मामला है, जहां एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गया।
वायरल वीडियो से खुलासा
सहायक शिक्षक कुष्टोराम भोय का नशे की हालत में स्कूल आने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आता था, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस पर पालकों और शाला प्रबंधन समिति ने कार्रवाई की मांग की।
शिक्षक ने कबूली गलती
पूछताछ के दौरान शिक्षक ने शराब पीने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि घर में मेहमान आने के कारण उसने शराब पी थी और उसी हालत में स्कूल पहुंच गया, मामले की जानकारी मिलने पर रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई। इसके आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया।
अधिकारी का बयान
लैलूंगा विकासखंड के BEO रवि सारथी ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है, यह घटना शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और जिम्मेदारी की अहमियत को दर्शाती है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के भविष्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।