CG News: दंतेवाड़ा में सचिन तेंदुलकर का खास दौरा, खेल मैदान विकसित करने की बड़ी घोषणा
CG News: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के छिंदनार में भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का खास अंदाज देखने को मिला। उन्होंने आदिवासी बच्चों से मुलाकात की, उनके साथ समय बिताया और रस्सी खींच (टग ऑफ वॉर) जैसे खेलों में हिस्सा लिया। इस दौरान उनका पारंपरिक तरीके से सिहाड़ी बीज की माला पहनाकर स्वागत किया गया, सचिन अपने परिवार के साथ प्राइवेट जेट से जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां से वे सीधे कार्यक्रम स्थल छिंदनार पहुंचे।
50 खेल मैदान बनाने की घोषणा
कार्यक्रम में सचिन तेंदुलकर ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बस्तर क्षेत्र में 50 स्कूल खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। इन मैदानों के जरिए बच्चों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और उनकी प्रतिभा को मंच मिलेगा, उन्होंने बताया कि ‘मैदान कप’ प्रतियोगिता के माध्यम से हजारों बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। इस पहल को मांदेशी फाउंडेशन और सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन का सहयोग मिल रहा है।
5 हजार बच्चों को मिलेगा फायदा
इस पहल से करीब 5 हजार से अधिक बच्चों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स और वॉलीबॉल जैसे खेलों के जरिए युवाओं को आगे बढ़ाने की योजना बनाई गई है, सचिन ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “बस्तर में डायमंड बहुत हैं, बस उन्हें सही तरीके से तराशने की जरूरत है।”
बच्चों को दी सीख
सचिन तेंदुलकर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी की शुरुआत भी मैदान से हुई थी। उन्होंने बच्चों को अच्छे दोस्त बनाने और जीवन में अच्छा इंसान बनने की सलाह दी, उन्होंने अपने पिता की सीख को याद करते हुए कहा कि “खेल कुछ साल का होता है, लेकिन अच्छा इंसान बनना पूरी जिंदगी का काम है, ताकि लोग आपको हमेशा याद रखें।”
कार्यक्रम में व्यवस्थाओं पर सवाल
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों को दूर-दराज के गांवों से लाया गया। भीषण गर्मी के बीच बच्चों को बसों में क्षमता से ज्यादा बैठाकर लाने के आरोप भी सामने आए, इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी से सवाल पूछे गए, लेकिन उन्होंने बाद में जवाब देने की बात कही।
CM का दौरा रद्द
कार्यक्रम में सीएम साय के शामिल होने की संभावना थी, लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया। वहीं, सचिन के कुछ अन्य निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए।