CG News: छत्तीसगढ़ में बड़ा फैसला, अप्रैल–जून का राशन एकमुश्त मिलेगा, E-KYC अनिवार्य
CG News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब अप्रैल, मई और जून 2026 का चावल एक साथ हितग्राहियों को दिया जाएगा, जिससे लोगों को बार-बार राशन दुकान के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
तीन महीने का राशन एक साथ
सरकार की इस पहल का उद्देश्य वितरण प्रक्रिया को आसान बनाना और लाभार्थियों को सुविधा देना है। एकमुश्त राशन मिलने से समय की बचत होगी और बार-बार लाइन में लगने की परेशानी कम होगी।
E-KYC अनिवार्य
हालांकि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए ई-केवाईसी (E-KYC) कराना अनिवार्य कर दिया गया है। सभी राशनकार्डधारियों को आधार सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी, तभी उन्हें तीन महीने का राशन जारी किया जाएगा, स्पष्ट निर्देश हैं कि बिना ई-केवाईसी किसी भी हितग्राही को राशन नहीं दिया जाएगा।
498 दुकानों में चल रही प्रक्रिया
जिले की 498 उचित मूल्य दुकानों में ई-केवाईसी की प्रक्रिया तेजी से जारी है। नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा अधिकांश दुकानों में पहले से ही चावल का भंडारण कर लिया गया है, ताकि वितरण में कोई बाधा न आए।
‘एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड’ योजना
‘एक राष्ट्र-एक राशन कार्ड’ योजना के तहत सभी हितग्राहियों का आधार से सत्यापन जरूरी है। यह प्रक्रिया ई-पॉस मशीन के माध्यम से पूरी की जा रही है और पूरी तरह निःशुल्क है।
फिंगरप्रिंट और फेस ई-केवाईसी
राशन कार्डधारी और परिवार के सभी सदस्यों को दुकान पर जाकर फिंगरप्रिंट के जरिए सत्यापन कराना होगा। जिनका फिंगरप्रिंट काम नहीं करता, उनके लिए फेस ई-केवाईसी की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसे मोबाइल ऐप के जरिए पूरा किया जा सकता है।
शिकायत के लिए व्यवस्था
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी को राशन वितरण में समस्या या अनियमितता का सामना करना पड़ता है, तो वे खाद्य निरीक्षक या जिला खाद्य कार्यालय में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।