CG News: रायपुर में ट्रैफिक की बढ़ेगी परेशानी, 18 जून तक बंद रहेगा गुढ़ियारी रेलवे अंडरब्रिज
CG News: राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में स्थित रेलवे स्टेशन गेट नंबर-7 के पास का प्रमुख एक्सप्रेस-वे अंडरब्रिज 4 जून से 18 जून तक पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे द्वारा यहां आवश्यक मरम्मत और संरचनात्मक कार्य किए जाने हैं, जिसके चलते इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है।
14 दिनों तक नहीं चलेगा यातायात
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे अंडरब्रिज में पाइपलाइन बिछाने, कवर शेड लगाने और अन्य जरूरी निर्माण एवं मरम्मत कार्य करेगा। इन कार्यों को सुरक्षित और समय पर पूरा करने के लिए अगले 14 दिनों तक मार्ग को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
रोज गुजरते हैं 25 हजार वाहन
गुढ़ियारी अंडरब्रिज शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है। रेलवे स्टेशन से गुढ़ियारी की ओर जाने वाले इस रास्ते से प्रतिदिन लगभग 20 से 25 हजार वाहन गुजरते हैं। ऐसे में मार्ग बंद होने से हजारों लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
दूसरे मार्गों पर बढ़ेगा ट्रैफिक दबाव
अंडरब्रिज बंद होने के बाद वाहन चालकों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ेगा। इससे तेलघानी नाका अंडरब्रिज और गुढ़ियारी-नर्मदापारा अंडरब्रिज पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ सकता है। अधिकारियों को इन क्षेत्रों में जाम की स्थिति बनने की आशंका है।
अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष तैयारी की है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहे और लोगों को कम से कम परेशानी हो।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को तेलघानी नाका ओवरब्रिज, चुनाभट्टी अंडरब्रिज और नर्मदापारा अंडरब्रिज का उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से समय से पहले घर से निकलने और जारी डायवर्जन प्लान का पालन करने की अपील की गई है।