CG News: बिलासपुर एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, लैंडिंग के दौरान फ्लाइट का टायर फटा
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर दिल्ली से पहुंची अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई, लैंडिंग के दौरान विमान का एक टायर फट गया और यात्रियों को तेज झटका महसूस हुआ, इसके कुछ ही देर बाद विमान के अंदर जलने जैसी गंध आने लगी, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बन गया.
टायर फटने के बाद बाकी पहिए भी हुए लॉक
शुरुआती जांच में सामने आया है कि विमान का एक टायर फटने के साथ ही बाकी तीन टायर भी लॉक हो गए थे, इसके बावजूद पायलट ने विमान को रनवे पर रोक लिया, अगर विमान नियंत्रण से बाहर होकर खेत की तरफ चला जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी, घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान को रनवे से हटाकर एप्रन पर खड़ा किया गया.
DGCA टीम ने शुरू की तकनीकी जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद DGCA की टीम बिलासपुर एयरपोर्ट पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की, अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त विमान का निरीक्षण किया और टायर सहित उसके दूसरे हिस्सों की तकनीकी स्थिति देखी, टीम ने एयरलाइन के इंजीनियरों और एयरपोर्ट प्रबंधन से भी जानकारी ली, साथ ही विमान के मेंटेनेंस रिकॉर्ड और संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं की जांच की जा रही है.
रनवे का भी किया गया निरीक्षण
विमान की जांच के बाद DGCA अधिकारियों ने उस स्थान का निरीक्षण किया, जहां लैंडिंग के बाद फ्लाइट रुकी थी, पूरी स्थिति का जायजा लेने के बाद रनवे को विमान संचालन के लिए सुरक्षित बताया गया, इसके बाद प्रयागराज से आने वाली दूसरी फ्लाइट को बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया और यही विमान बाद में बिलासपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुआ.
क्षतिग्रस्त विमान को दिल्ली ले जाने की तैयारी
हादसे में क्षतिग्रस्त विमान की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन बिलासपुर में जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने में परेशानी आ रही है, ऐसे में अलायंस एयर विमान को सुरक्षित स्थिति में लाकर दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है, वहां वर्कशॉप में इसकी पूरी तकनीकी जांच और मरम्मत की जाएगी, फिलहाल DGCA यह पता लगाने में जुटी है कि लैंडिंग के दौरान टायर फटने की असली वजह क्या थी.