CG News : अंबिकापुर में वन भूमि पर बने अवैध घरों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 39 अतिक्रमण ढहाए गए
CG News : वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चोरखा कछार में 39 अवैध घरों को तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान 500 से अधिक पुलिस जवान, वन विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर तैनात रही, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
क्या है मामला?
ग्राम चोरखा कछार में वन भूमि पर अवैध कब्जा कर करीब 39 मकान बना लिए गए थे। वन विभाग ने इस पर पहले से नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कब्जाधारियों ने घर नहीं हटाए। तय समय सीमा बीत जाने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए 14 जून शनिवार को कार्रवाई शुरू कर दी।
अवैध कब्जाधारियों को पहले दी गई थी चेतावनी
वन विभाग और जिला प्रशासन ने बताया कि सभी कब्जाधारियों को पूर्व सूचना दी गई थी और उन्हें स्वेच्छा से निर्माण हटाने का अवसर भी दिया गया। लेकिन जब उन्होंने अनदेखी की, तब प्रशासन को बुलडोजर चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
डिप्टी सीएम अरुण साव का बयान:
छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पूरे प्रदेश में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर कहा:
“सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे को हटाना जरूरी है। शासन पहले नोटिस देकर अवसर देता है, लेकिन जब कब्जा नहीं हटता, तो कठोर कदम उठाना पड़ता है। आम जनता को इससे असुविधा होती है, इसलिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है।”
प्रदेशभर में जारी है ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’
अंबिकापुर, रायगढ़ सहित प्रदेश के कई जिलों में अवैध कब्जों को हटाने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। खासतौर पर सरकारी और वन भूमि पर कब्जा जमाए लोगों के खिलाफ प्रशासन अब ‘ज़ीरो टॉलरेंस नीति’ पर काम कर रहा है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध या हंगामे से बचने के लिए 500 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही वन और राजस्व विभाग की टीमें पूरे दिन मौके पर मुस्तैद रहीं।