CG News: CM साय की राहत योजना, लाख उपभोक्ताओं को बिजली बिल में खुशखबरी
CG News: छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की बैठक में घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए 200 यूनिट तक बिजली बिल में 50% छूट देने का निर्णय हुआ। इससे 42 लाख उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। साथ ही निजी विश्वविद्यालय, दुकान एवं स्थापना अधिनियम में संशोधन और क्रय प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के प्रस्ताव मंजूर किए गए।
बिजली बिल में बड़ी राहत
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। इस बैठक में राज्य के घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली बिल में बड़ी राहत देने का फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान के तहत अब 200 यूनिट प्रति माह तक बिजली खपत पर 50% छूट मिलेगी। पहले यह सीमा 100 यूनिट थी। जिन उपभोक्ताओं की खपत 200 से 400 यूनिट तक है, उन्हें भी अगले एक वर्ष तक 200 यूनिट तक 50% छूट जारी रहेगी। इस फैसले से प्रदेश के 42 लाख उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा
सरकार पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा दे रही है। इसके तहत लोगों को अपने घरों में सोलर प्लांट लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य सरकार 1 किलोवॉट क्षमता के प्लांट पर 15,000 रुपए और 2 किलोवॉट या अधिक क्षमता पर 30,000 रुपए की अतिरिक्त सब्सिडी देगी। इससे आने वाले समय में उपभोक्ताओं को आधी बिजली बिल से शून्य बिजली बिल की सुविधा की ओर बढ़ाया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
बैठक में भंडार क्रय नियम 2002 में संशोधन को मंजूरी दी गई, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और खरीद प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी। साथ ही, दो विधेयकों निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025 और दुकान एवं स्थापना संशोधन विधेयक 2025 के प्रारूप को भी अनुमोदन दिया गया। यह ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और रोजगार को बढ़ावा देने में सहायक होगा।