CG News : स्नैपचैट वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
CG News : स्नैपचैट पर बातचीत के दौरान आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर उसे वायरल करने वाले युवक को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार कर ज्युडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़ा होने के कारण प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया।
ब्लैकमेलिंग और धमकी की पूरी कहानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता और आरोपी आदर्श सिंह (निवासी बैहरसरी) के बीच मार्च 2023 से स्नैपचैट और फोन पर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान आदर्श ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू किया। उसने पीड़िता को धमकी दी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वह स्नैपचैट की बातचीत को उसके घरवालों को भेज देगा।
डर के चलते पीड़िता ने अप्रैल और मई 2023 में वीडियो कॉल के माध्यम से कुछ आपत्तिजनक दृश्य साझा किए, जिन्हें आरोपी ने स्क्रीन रिकॉर्ड कर अपने पास सुरक्षित रख लिया। इसके बाद वह लगातार पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा और मना करने पर गाली-गलौज तक करने लगा।
वीडियो वायरल होने के बाद खुला मामला
करीब दो साल बाद, आरोपी ने अपने पास पहले से सेव किए गए वीडियो को पीड़िता के स्वजनों और परिचितों को भेजना शुरू कर दिया। मामला तब सामने आया जब पीड़िता की भाभी के मोबाइल पर उक्त वीडियो प्राप्त हुआ। इसके बाद पीड़िता ने पूरी घटना का खुलासा किया।
प्रार्थी द्वारा 15 मार्च को दी गई लिखित शिकायत पर पुलिस ने 7 अप्रैल को आदर्श सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। साइबर सेल की मदद से आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल जब्त कर लिया है और सभी डिजिटल साक्ष्य को जांच में शामिल कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।