CG News: रायगढ़ पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 134 टन अवैध कबाड़ और मैग्नीज मेटल जब्त
CG News: रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को 7 ट्रकों में लदे 134 टन अवैध कबाड़ जब्त किया। इसके साथ ही एक राइस मिल से 2 टन डंप मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली भी बरामद की गई। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल कीमत करीब 1.15 करोड़ रुपए आंकी गई है।

कार्रवाई की प्रक्रिया
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध कबाड़ और मैग्नीज मेटल डंप किए जा रहे हैं। इसके बाद तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा और महुआ चौक में घेराबंदी की गई। संदिग्ध ट्रकों और एक माजदा वाहन को रोककर जांच की गई। ड्राइवरों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।

गिरफ्तार आरोपी और स्क्रैप का विवरण
पुलिस ने इस मामले में 7 ड्राइवरों को गिरफ्तार किया, जिनमें ओडिसा, बिहार और कोरबा के निवासी शामिल हैं। जब्त स्क्रैप में लोहे की मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ और अन्य भारी मात्रा में अवैध सामग्री शामिल थी। कुल 134 टन कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए है।
राइस मिल से बरामद सामग्री
पूंजीपथरा स्थित राइस मिल में दबिश के दौरान मैग्नीज मेटल की 43 बोरियां (लगभग 1290 किलो) और पाईलेट गोली लोहे की 57 बोरियां (करीब 2.28 टन) बरामद की गई। इस सामग्री की कीमत लगभग 76,560 रुपए आंकी गई, एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध स्क्रैप और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली चोरी और अवैध कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है, और किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।