CG News: छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, तीन दिन बाद फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड
CG News: छत्तीसगढ़ में मंगलवार को मौसम शुष्क बना रहा, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नमी युक्त हवाएं सक्रिय हैं, जिसके चलते अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई जा रही है.

उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीत का सबसे ज्यादा प्रकोप
प्रदेश के उत्तरी जिलों में ठंड ने सबसे अधिक असर दिखाया है, बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा जिले कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं, बीते 24 घंटों में यहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है.

सुबह और रात में बढ़ी ठिठुरन
तेज सर्दी के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन साफ महसूस की जा रही है, ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं, जिससे सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा है.
दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी गिरा पारा
दक्षिण छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बस्तर संभाग में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि यहां ठंड का असर उत्तरी जिलों की तुलना में कुछ कम बना हुआ है, मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में सर्द हवाओं से फिलहाल कुछ राहत है, दिन के समय निकल रही हल्की धूप से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिल रही है.
15 जनवरी के बाद फिर बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी के बाद पूरे प्रदेश में एक बार फिर तापमान में गिरावट आ सकती है, शीतलहर जैसे हालात बनने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.