CG News : छत्तीसगढ़ में रेत माफियाओं का आतंक: ग्रामीणों पर फायरिंग, 2 युवक घायल, गांव में भारी तनाव
CG News : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में रेत माफियाओं का कहर एक बार फिर सामने आया है। बसंतपुर थाना क्षेत्र के मोहड़ गांव में अवैध रेत खनन का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर माफियाओं ने गोलियां चला दीं। इस हमले में दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक के सिर को छूते हुए गोली निकल गई। फिलहाल दोनों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।
क्या है पूरा मामला?
मोहड़ गांव में पिछले चार दिनों से अवैध रेत खनन जारी था। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार देर रात खुद मोर्चा संभालते हुए रेत चोरों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वहां मौजूद माफिया गिरोह के कुछ युवकों ने ग्रामीणों पर 4-5 राउंड फायरिंग कर दी।
इस हमले में गांव का युवक रोशन मंडावी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। फायरिंग की इस घटना में दो अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस पहुंची, पर ग्रामीणों ने रोका रास्ता
घटना की सूचना पर बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ी को गांव में घुसने नहीं दिया। महिलाओं को सामने कर रास्ता रोक दिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि रेत माफिया को राजनीतिक और प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है।स्थानीय लोगों का दावा है कि एक पार्षद, खनिज विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मी अवैध रेत खनन में माफियाओं की मदद कर रहे हैं।
प्रशासन की चुप्पी, पुलिस बल तैनात
मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा ने बताया कि घायलों का इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन और खनिज विभाग की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई है। इस घटना से ठीक तीन दिन पहले गरियाबंद जिले में रेत खनन की खबर कवर करने गए पत्रकारों पर भी रेत माफिया ने हमला किया था। राजिम थाना क्षेत्र के पैरी नदी के पितईबंद घाट में माफियाओं ने पत्रकारों से कैमरा और आईडी कार्ड छीनकर मारपीट की थी, और दो बार हवाई फायरिंग भी की थी।