CG News : नवा रायपुर में होलसेल कॉरिडोर योजना रद्द, अब नए कमर्शियल हब की तैयारी
CG News : छत्तीसगढ़ राज्य की भाजपा सरकार ने नवा रायपुर अटल नगर में प्रस्तावित ‘होलसेल कॉरिडोर’ परियोजना को निरस्त कर दिया है। यह महत्वाकांक्षी योजना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तैयार की गई थी, जिसे अब पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके स्थान पर अब नई कमर्शियल हब योजना पर विचार किया जा रहा है।
होलसेल कॉरिडोर पर लगी ब्रेक
कांग्रेस शासनकाल के दौरान नवा रायपुर में 1083 एकड़ भूमि पर होलसेल कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई थी। दावा किया जा रहा था कि यह दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा थोक बाजार होगा। भू-उपयोग परिवर्तन के बाद 540 रुपये प्रति वर्गफुट दर से व्यवसायियों को भूखंड देने की तैयारी थी, जिस पर सरकार अतिरिक्त राशि खर्च कर रही थी।लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने इस योजना से असहमति जताते हुए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है।
अब फोकस ‘कमर्शियल हब’ और सिटी लेवल डेवलपमेंट पर
अब नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण द्वारा नई कमर्शियल हब योजना पर काम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत क्षेत्र में निवेश, बसाहट और वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास होगा।वर्तमान में प्राधिकरण द्वारा सड़क, नाली, बिजली, पेयजल जैसी बुनियादी अधोसंरचना के निर्माण का कार्य जोरों पर है। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से यह विकास कार्य किया जा रहा है, जिसमें से 30 करोड़ रुपये केवल सड़क निर्माण पर खर्च होंगे।
संतुलित और समग्र विकास की दिशा में कदम
अधिकारियों के अनुसार, नवा रायपुर के विभिन्न सेक्टरों में भू-आवंटन की प्रक्रिया तेज की गई है, ताकि वहां निवेश और वाणिज्यिक गतिविधियाँ बढ़ाई जा सकें। सिटी लेवल डेवलपमेंट का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो नवा रायपुर के संतुलित और समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।