CG News: कोरबा में बढ़ा मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर, 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, 35 गांवों में मुनादी
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. जलाशय का जलस्तर 92.48 प्रतिशत तक पहुंचने के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. बढ़ते जलभराव और बांध पर दबाव को नियंत्रित करने के लिए तीन गेट खोल दिए गए हैं. इन गेटों से करीब 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है.
35 गांवों में मुनादी
बांध से पानी छोड़े जाने के बाद डाउनस्ट्रीम इलाकों में जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को संभावित जलभराव की जानकारी दी जा रही है. लोगों से मवेशियों, कृषि उपकरणों और जरूरी सामान को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है.
खदान और उद्योग भी अलर्ट
मिनीमाता बांगो परियोजना के कार्यपालन अभियंता की ओर से खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और अन्य संस्थानों को भी सूचना जारी की गई है. नदी के आसपास संचालित गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
रोशनी से जगमगाया बांगो डैम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिनीमाता बांगो डैम को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है. रोशनी से सजा जलाशय लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और इसे देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं. हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश नहीं करने की अपील की है.
नदी किनारे रहने वालों से अपील
प्रशासन ने नदी और नालों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है. लोगों को अनावश्यक रूप से नदी किनारे जाने और पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से बचने की सलाह दी गई है. जलस्तर में और वृद्धि होने पर अतिरिक्त गेट खोले जा सकते हैं. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें : CG News: घरेलू गैस उपभोक्ताओं के पास आज आखिरी मौका, ई-केवाईसी नहीं कराई तो बढ़ सकती है परेशानी