CG News: कोरबा के प्रसिद्ध न्यू दिल्ली स्वीट्स में बाथरूम के फर्श पर धोए जा रहे थे बर्तन, वीडियो वायरल
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. निहारिका स्थित शहर के प्रसिद्ध ‘न्यू दिल्ली स्वीट्स’ में मिठाई और पकवान बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को बाथरूम के फर्श पर धोया जा रहा था. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कर्मचारियों ने दी अजीब सफाई
दुकान पर पहुंचे एक जागरूक ग्राहक ने कर्मचारियों को बाथरूम के अंदर फर्श पर बर्तन धोते हुए देख लिया और तुरंत इसका वीडियो बना लिया. जब ग्राहक ने कर्मचारियों से इस संबंध में सवाल-जवाब किए, तो उन्होंने अजीब सफाई देते हुए कहा कि किसी तकनीकी परेशानी के कारण इमरजेंसी में वहां बर्तन धोए जा रहे थे.
खाद्य विभाग ने दिए जांच के निर्देश
वीडियो सामने आने और जनता के विरोध के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दुकान संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है. विभाग की एक विशेष जांच टीम जल्द ही मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेगी.
नियम उल्लंघन पर लाइसेंस सस्पेंड करने जैसी होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों (Hygiene Standards) का पालन अनिवार्य है. बाथरूम जैसी जगह पर बर्तन धोना नियमों का गंभीर उल्लंघन है. जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दुकान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
सक्ती के ‘पापा ढाबा‘ पर भी हो चुकी है ऐसी सख्त कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ‘पापा ढाबा’ के टॉयलेट में बर्तन धोने का वीडियो वायरल हुआ था. उस मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच में शिकायत सही पाई थी और ढाबे का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया था.