CG News: नीति आयोग की बैठक में गूंजेगा बस्तर मॉडल, नक्सलमुक्त विकास की पूरी योजना PM मोदी के सामने रखेगा छत्तीसगढ़
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान 11 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली नीति आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में राज्य सरकार बस्तर के विकास का व्यापक रोडमैप प्रस्तुत करेगी। बैठक में बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, नक्सलमुक्ति अभियान और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
नीति आयोग के सामने रखा जाएगा मॉडल
सूत्रों के अनुसार छत्तीसगढ़ सरकार नीति आयोग के समक्ष बस्तर के लिए तैयार की गई विशेष विकास योजना पेश करेगी। इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क निर्माण, इंटरनेट कनेक्टिविटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी साझा की जाएगी, साथ ही आने वाले वर्षों में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बनाई गई कार्ययोजना और रणनीति भी प्रस्तुत की जाएगी।
नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों को मिलेगी नई रफ्तार
सरकार का मानना है कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर का विकास प्रभावित रहा। अब सुरक्षा और विकास के दोहरे मॉडल के जरिए क्षेत्र को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है, बैठक में यह बताया जाएगा कि किस तरह सड़क, पुल, मोबाइल नेटवर्क और सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ने से दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों का जीवन बदल रहा है और विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं।
50 साल की विकास बाधाओं को दूर करने की तैयारी
बताया जा रहा है कि बस्तर की विकास परिकल्पना का विस्तृत प्रेजेंटेशन नीति आयोग के सामने रखा जाएगा। इसमें क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए दीर्घकालिक योजनाओं को शामिल किया गया है, राज्य सरकार का उद्देश्य बस्तर को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है।
NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, दोपहर 3 बजे आयोजित होने वाली इस बैठक में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों, राज्यों को मिलने वाली वित्तीय सहायता और वर्ष 2026-27 के विकास लक्ष्यों की समीक्षा की जाएगी।
छत्तीसगढ़ की योजनाओं पर भी होगी चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं, केंद्र प्रायोजित परियोजनाओं और बस्तर सहित अन्य क्षेत्रों के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राज्य की प्राथमिकताओं और विकास संबंधी प्रस्तावों को केंद्र के समक्ष रखेंगे।