CG News: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए इजराइल में 3500 नौकरियां, ₹2 लाख तक वेतन के साथ रहने-खाने की सुविधा
CG News: विदेश में नौकरी का सपना देख रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। इजराइल में ‘होम बेस्ड केयर गिवर’ के 3500 पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित उम्मीदवारों को करीब 2 लाख रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ रहने, खाने और मेडिकल बीमा जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र गरियाबंद द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह भर्ती प्रक्रिया नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NSDC) के माध्यम से संचालित की जा रही है।
2 साल का होगा अनुबंध
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से दो वर्ष के अनुबंध पर की जाएगी, आवश्यकता और प्रदर्शन के आधार पर इस अनुबंध को आगे भी बढ़ाया जा सकता है, यह अवसर उन युवाओं के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है जो विदेश में रोजगार प्राप्त कर बेहतर आय अर्जित करना चाहते हैं।
रहने-खाने और मेडिकल सुविधा भी
इजराइल में नियुक्त होने वाले अभ्यर्थियों को वेतन के अतिरिक्त कई सुविधाएं मिलेंगी।
इनमें शामिल हैं—
• आवास (Accommodation)
• भोजन (Food Facility)
• चिकित्सा बीमा (Medical Insurance)
• 9 दिन का राष्ट्रीय अवकाश
• 16 दिन का वार्षिक अवकाश
• सप्ताह में 6 दिन कार्य व्यवस्था
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती के लिए उम्मीदवारों को निम्न पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी—
• आयु 25 से 45 वर्ष के बीच हो।
• न्यूनतम 10वीं पास होना अनिवार्य।
• इंटरमीडिएट स्तर पर अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया हो।
• कम से कम 3 वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट हो।
• शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो।
ऐसे होगा चयन
भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की जाएगी, जिसमें शामिल हैं—
• ऑनलाइन पंजीयन
• दस्तावेज सत्यापन
• स्वास्थ्य परीक्षण
• पुलिस क्लियरेंस
• इजराइली नियोक्ता द्वारा वीडियो इंटरव्यू
इन सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिकारियों ने युवाओं को भर्ती के नाम पर सक्रिय दलालों और बिचौलियों से सतर्क रहने की सलाह भी दी है, विदेश में रोजगार पाने और बेहतर आय अर्जित करने के इच्छुक युवाओं के लिए यह भर्ती सुनहरा अवसर मानी जा रही है। खासकर स्वास्थ्य सेवा और देखभाल क्षेत्र में काम करने के इच्छुक उम्मीदवारों को इससे अंतरराष्ट्रीय अनुभव और बेहतर करियर संभावनाएं मिल सकती हैं।