CG News: रायपुर में Smart PDS पोर्टल का ट्रायल, राशन कार्ड के 500 आवेदन लंबित, हितग्राही परेशान
CG News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं को नई व्यवस्था में शिफ्ट किया जा रहा है. पुराना PDS पोर्टल बंद होने के बाद नया Smart PDS पोर्टल फिलहाल ट्रायल में चल रहा है. इसका असर नए राशन कार्ड बनाने के साथ परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया पर पड़ा है. कई हितग्राहियों के आवेदन फिलहाल आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं.
करीब 500 आवेदन लंबित
पोर्टल में बदलाव के दौरान राशन कार्ड से जुड़े करीब 500 आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं. इनमें नए राशन कार्ड बनवाने और परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने या हटाने से संबंधित आवेदन शामिल हैं. ऑनलाइन प्रक्रिया प्रभावित होने के कारण लोगों को जानकारी और समाधान के लिए संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
रायपुर में 6.63 लाख राशन कार्ड
रायपुर जिले में राशन वितरण के लिए 721 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं. इनमें 299 दुकानें शहरी और 422 दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में हैं. इन दुकानों से करीब 6.63 लाख राशन कार्ड जुड़े हुए हैं. ऐसे में ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में देरी का असर बड़ी संख्या में हितग्राहियों पर पड़ सकता है.
एक महीने से आवेदन का इंतजार
कुछ हितग्राहियों ने बताया कि उन्होंने अगस्त में राशन कार्ड से जुड़े आवेदन किए थे, लेकिन अभी तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. सुंदरलाल शर्मा वार्ड के एक हितग्राही ने 8 अगस्त को परिवार के एक सदस्य का नाम हटाने के लिए आवेदन किया था. वहीं, शहीद भगत सिंह वार्ड के एक व्यक्ति ने 11 अगस्त को नए राशन कार्ड के लिए आवेदन किया था. दोनों मामलों में करीब एक महीने बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं होने की बात सामने आई है.
नई व्यवस्था शुरू होने का इंतजार
विभाग के अनुसार Smart PDS पोर्टल पर हितग्राहियों के लिए अलग लॉग-इन की सुविधा प्रस्तावित है. इसके जरिए लोग घर बैठे राशन कार्ड से जुड़े आवेदन कर सकेंगे और आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देख सकेंगे. फिलहाल पोर्टल ट्रायल में होने के कारण यह सुविधा पूरी तरह सक्रिय नहीं हुई है. ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने के बाद राशन कार्ड से जुड़े काम में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.