CG News : सेमरा आत्मानंद स्कूल में हिंदी माध्यम फिर से शुरू करने की मांग तेज, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
CG News : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के ग्राम पंचायत सेमरा स्थित आत्मानंद स्कूल में हिंदी माध्यम की पढ़ाई फिर से शुरू कराने की मांग को लेकर आज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्काजाम करते हुए स्कूल प्रिंसिपल के खिलाफ नाराजगी जताई और उन्हें हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
ग्रामीणों ने एसडीएम ऋचा चंद्रकार को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि स्कूल प्रिंसिपल ने बिना किसी सरकारी आदेश के हिंदी माध्यम की पढ़ाई बंद कर दी। उनका कहना है कि इससे हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2020 से पहले इस स्कूल में हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों से शिक्षा दी जा रही थी, लेकिन आत्मानंद योजना के तहत इसे पूरी तरह अंग्रेजी माध्यम में परिवर्तित कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सेमरा आत्मानंद स्कूल को पुनः हिंदी माध्यम में संचालित किया जाए।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल के प्रिंसिपल का व्यवहार अनुचित है और वे मनमाने तरीके से स्कूल संचालन कर रहे हैं। इससे बच्चों में हीनभावना उत्पन्न हो रही है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।