CG News : रायपुर: तोमर ब्रदर्स पर शिकंजा कसने में नाकाम पुलिस, तीन महीने से फरार
CG News : राजधानी रायपुर में कुख्यात तोमर ब्रदर्स (वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर) पुलिस की गिरफ्त से अब तक बाहर हैं। जून 2025 में मारपीट, वसूली, ब्लैकमेलिंग और सूदखोरी जैसे गंभीर आरोपों में सात मामले दर्ज होने के बावजूद दोनों भाई फरार हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों मध्य प्रदेश में छिपे हो सकते हैं और अपने परिजनों के संपर्क में भी हैं।
पुलिस की नाकामी पर सवाल
पुलिस की नाकामी तब और उजागर होती है जब छत्तीसगढ़ पुलिस ने हाल ही में पंजाब, यूपी, बिहार, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों से ड्रग्स तस्करों, साइबर ठगों और अन्य अपराधियों को पकड़कर 380 से ज्यादा आरोपियों को जेल भेजा। इसके बावजूद रायपुर पुलिस अब तक तोमर ब्रदर्स को गिरफ्तार करने में असफल रही है। शहर की पुलिस, जिसे हाईटेक और स्मार्ट कहा जाता है, इन दोनों भाइयों को ढूंढने में नाकाम रही है। चर्चा यह भी है कि दोनों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसकी वजह से कार्रवाई कमजोर पड़ रही है।
वारंट, इनाम और जांच
तोमर ब्रदर्स के 150 से ज्यादा मोबाइल नंबर पुलिस ने खंगाले हैं। दोनों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। कोर्ट ने दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया है। निचली अदालत में जमानत अर्जी खारिज होने के बाद अब हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका विचाराधीन है।
दर्ज मामले और आरोप
जून 2025 में तेलीबांधा थाने में प्रॉपर्टी डीलर दसमीत चावला ने रोहित तोमर पर मारपीट का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुरानी बस्ती थाने में छह और मामले सामने आए। आरोप है कि दोनों भाई लंबे समय से वसूली, सूदखोरी और ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों में सक्रिय थे।
जब्ती और अवैध संपत्ति पर कार्रवाई
पुलिस ने अब तक तोमर ब्रदर्स की 35 लाख रुपये नकद, 70 तोला सोना, 125 ग्राम चांदी और चार लग्जरी गाड़ियां जब्त की हैं। भाठागांव स्थित 1500 वर्गफीट की अवैध संपत्ति कुर्क कर ली गई है और उस पर बना अवैध निर्माण ढहा दिया गया है।