CG News: अंबिकापुर की बदहाल सड़कों को लेकर प्रदर्शन, बारिश में भी मंत्री के बंगले के बाहर डटे लोग
CG News: अंबिकापुर शहर की खराब सड़कों को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों और समाजसेवी संगठन के सदस्यों का आक्रोश सामने आया. सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री एवं विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव किया. इस दौरान बारिश के बावजूद लोग मौके पर डटे रहे और सड़कों की हालत सुधारने की मांग को लेकर नारेबाजी की.
गड्ढों से परेशान शहरवासी
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंबिकापुर की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से बदहाल हैं. सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है. लोगों ने सड़क निर्माण और जरूरी मरम्मत का काम तत्काल शुरू कराने की मांग की.
बारिश में भी डटे रहे प्रदर्शनकारी
मंत्री के सरकारी बंगले के बाहर प्रदर्शन के दौरान बारिश शुरू हो गई, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे. लोग बारिश में भीगते हुए सड़कों की बदहाली के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहे. जिस समय प्रदर्शनकारी बंगले पहुंचे, उस वक्त मंत्री राजेश अग्रवाल वहां मौजूद नहीं थे और वे सूरजपुर में थे. घेराव और प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद मंत्री कुछ देर बाद अंबिकापुर स्थित सरकारी बंगले पहुंचे.
मंत्री बोले- सड़कों की हालत पर खुद शर्मिंदा हूं
बंगले पर पहुंचने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया. मंत्री ने कहा कि बारिश रुकने का इंतजार किया जा रहा है, इसके बाद सड़कों का काम शुरू कराया जाएगा. उन्होंने शहर की सड़कों की मौजूदा हालत पर खुद शर्मिंदा होने की बात कही और कहा कि आने वाले समय में अंबिकापुर की सड़कों की दशा और दिशा बदलने वाली है.
चाय-नाश्ते के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों से बातचीत के बाद माहौल कुछ हल्का नजर आया. मंत्री ने प्रदर्शन में शामिल लोगों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था कराई और उन्हें लड्डू व आलू चाप खिलाया. मंत्री के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया. इस दौरान मंत्री ने प्रदर्शन करने के लिए बंगले तक पहुंचे लोगों का धन्यवाद भी किया. बदहाल सड़कों को लेकर हुआ यह प्रदर्शन शहरवासियों की नाराजगी सामने लाया, वहीं चाय, लड्डू और आलू चाप के साथ आंदोलन का खत्म होना भी चर्चा में रहा.
One thought on “CG News: अंबिकापुर की बदहाल सड़कों को लेकर प्रदर्शन, बारिश में भी मंत्री के बंगले के बाहर डटे लोग”