CG News: 55 करोड़ की ठगी के आरोपी की तलाश में दिल्ली गई पुलिस टीम, TI समेत 8 सस्पेंड
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा पुलिस की एक टीम को आरोपी की तलाश में दिल्ली जाना भारी पड़ गया. 55 करोड़ रुपये की कथित ठगी से जुड़े मामले में आरोपी की तलाश के लिए पुलिसकर्मी विमान से दिल्ली पहुंचे थे. आरोप है कि इस यात्रा की जानकारी और अनुमति उच्च अधिकारियों से नहीं ली गई थी. मामला सामने आने के बाद बिलासपुर रेंज IG ने थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है.
TI समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित
कार्रवाई की जद में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल भी आए हैं. उनके अलावा उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा, गोपाल यादव और राजेश कंवर, साथ ही आरक्षक प्रदीप राठौर, सुशील यादव और प्रशांत सिंह को निलंबित किया गया है. कोरबा SP सिद्धार्थ तिवारी के मुताबिक मामले की विभागीय जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.
आरोपी की तलाश में विमान से पहुंचे दिल्ली
बताया जा रहा है कि कटघोरा पुलिस को कृष्णा ऑटो राइडर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े मामले में एक आरोपी की तलाश थी. पुलिस टीम ने आरोपी तक पहुंचने के लिए सड़क या ट्रेन के बजाय विमान से दिल्ली जाने का फैसला किया. आरोप है कि इस यात्रा की जानकारी संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई. इसी प्रक्रिया के उल्लंघन को लेकर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है.
JCB डीलरशिप विवाद से जुड़ा मामला
पूरा मामला कृष्णा ऑटो राइडर्स प्राइवेट लिमिटेड और JCB India के बीच डीलरशिप विवाद से भी जुड़ा बताया जा रहा है. कंपनी की ओर से डीलरशिप समाप्त होने के बाद भारी आर्थिक नुकसान का दावा किया गया है. इस मामले में कटघोरा थाने में न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश पर FIR दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है. वहीं विवाद से जुड़े पक्ष दिल्ली हाईकोर्ट भी पहुंचे थे.
पुलिस कार्रवाई से महकमे में हलचल
दिल्ली हाईकोर्ट में दोनों पक्षों की सहमति के बाद सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली को मध्यस्थ नियुक्त किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. हालांकि कोर्ट ने विवाद के दावों के सही या गलत होने पर कोई राय नहीं दी थी. अब पुलिस टीम के बिना अनुमति दिल्ली जाने के मामले में हुई कार्रवाई ने पूरे पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है. फिलहाल विभागीय जांच जारी है और इसके बाद पूरे मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है.