CG News: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का छत्तीसगढ़ दौरा, एम्स दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
CG News: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे. इस दौरान वे रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और तैयारियों की समीक्षा की.
मिनट टू मिनट कार्यक्रम के अनुसार तैयारी
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को उपराष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट टू मिनट कार्यक्रम के अनुसार करने के निर्देश दिए. एयरपोर्ट से एम्स तक आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और प्रवेश तथा निकासी की कार्ययोजना को बेहतर तरीके से तैयार करने को कहा गया है.
एयरपोर्ट और एम्स में सुरक्षा रहेगी कड़ी
दौरे के दौरान रायपुर एयरपोर्ट और एम्स परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन सहित प्रोटोकॉल से जुड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं. गृह विभाग को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
मेडिकल इमरजेंसी की भी तैयारी
उपराष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए आकस्मिक चिकित्सा सहायता और जरूरी मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश और विद्युत व्यवस्था समेत अन्य जरूरी इंतजामों की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी करने को कहा गया है.
विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं. प्रशासन का लक्ष्य है कि उपराष्ट्रपति के रायपुर प्रवास के दौरान सुरक्षा से लेकर कार्यक्रम संचालन तक किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो. अब 2 सितंबर को होने वाले एम्स दीक्षांत समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
यह भी पढ़ें : CG News: 55 करोड़ की ठगी के आरोपी की तलाश में दिल्ली गई पुलिस टीम, TI समेत 8 सस्पेंड