CG News: ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन समेत 5 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, छत्तीसगढ़ औषधि विभाग ने जारी किया अलर्ट
CG News: छत्तीसगढ़ के राज्य औषधि नियंत्रण विभाग ने ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन सहित पांच दवाओं को अवमानक (Substandard) घोषित किया है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन की सूचना मिलने के बाद विभाग ने सभी जिला औषधि नियंत्रण अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दवा विक्रेताओं, थोक वितरकों और अस्पतालों को अपने स्टॉक की जांच करने तथा संदिग्ध बैच की दवाओं की बिक्री और उपयोग रोकने को कहा गया है।
जांच में कई दवाएं गुणवत्ता परीक्षण में फेल
विभाग के अनुसार ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के बैच नंबर I-7881 को जांच में गंभीर रूप से अमानक पाया गया। इसके अलावा नाक्पेन-पी, फ्लामो स्टार-एपी टैबलेट, एसीएचई-पी और कोल्डजिया टैबलेट के नमूने भी गुणवत्ता परीक्षण में असफल रहे। जांच में सामने आया कि इन दवाओं की आपूर्ति विभिन्न राज्यों की फार्मा कंपनियों द्वारा की गई थी। अधिकारियों ने संबंधित बैचों के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
स्टॉक जांच और सूचना देने की अपील
औषधि विभाग ने दवा दुकानदारों, अस्पतालों और थोक विक्रेताओं से अपने स्टॉक की तत्काल जांच करने को कहा है। यदि प्रतिबंधित बैच की दवाएं उपलब्ध हों तो इसकी सूचना संबंधित जिला औषधि नियंत्रण कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अमानक दवाओं का उपयोग मरीजों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। विभाग ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और संदिग्ध दवाओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की है।