CG News: व्यापार विहार के खाद्य तेल गोदाम में लगी भीषण आग, 6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
CG News: बिलासपुर के व्यापार विहार स्थित खाद्य तेल की चौधरी एजेंसी के गोदाम में शनिवार सुबह लगभग 9 बजे भीषण आग लग गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग बुझाने के लिए मौके पर 6 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है।
लाखों का सामान जलकर खाक
आग की भयावहता को देखते हुए जेसीबी मशीन की मदद से गोदाम की दीवार भी तोड़ी गई, ताकि आग पर नियंत्रण पाया जा सके। जानकारी के अनुसार गोदाम में तीन बड़े ऑयल टैंक बने हुए थे, जिनमें भारी मात्रा में तेल भरा था। आग लगने के कारण इन टैंकों में रखा तेल और पैकिंग का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। व्यापारी ने करीब 2 करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद आसपास के व्यापारी और कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं स्थानीय व्यापारियों ने व्यापार विहार क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन की मांग उठाई है ताकि ऐसी घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।