CG News: रायपुर की 3D फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित बेंद्री की 3डी फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया. विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य के घायल और मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है.
तीन मजदूरों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों में जांजगीर-चांपा निवासी 19 वर्षीय अरुण पांडे और मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के कमल सिंह तथा लाल सिंह शामिल हैं. सभी फैक्ट्री में काम कर रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया.
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. धमाके के बाद फैक्ट्री में धुआं फैल गया और वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई. कई कर्मचारी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे.
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं. मलबे में फंसे मजदूरों की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है. घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
फैक्ट्री परिसर किया गया सील
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने फैक्ट्री परिसर को सील कर दिया है. पुलिस पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही है. हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए. उनका कहना है कि घटना के बाद कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा.
हादसे की जांच शुरू
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में पिग आयरन से वाहन पुर्जों का निर्माण किया जाता है. विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.