CG News: गरबा पंडालों को लेकर वक्फ बोर्ड की बड़ी अपील, मुस्लिम समाज से दूरी बनाए रखने को कहा
CG News: छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा आयोजनों को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों से संयम बरतने की अपील की है. बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने कहा कि गरबा केवल मनोरंजन या नृत्य का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़ा आयोजन है. उन्होंने समाज के लोगों से गरबा पंडालों की धार्मिक भावना और वहां की परंपराओं का सम्मान करने की बात कही है.
गरबा धार्मिक आयोजन, डांस की जगह नहीं
डॉ. सलीम राज ने कहा कि नवरात्रि के दौरान गरबा पंडालों में मां दुर्गा की पूजा और धार्मिक परंपराओं का पालन किया जाता है. ऐसे में इसे केवल घूमने या डांस करने की जगह समझना उचित नहीं है. उन्होंने मुस्लिम समाज से अपील करते हुए कहा कि गरबा की धार्मिक प्रकृति को समझते हुए ऐसे आयोजनों से दूरी बनाए रखना बेहतर होगा, ताकि किसी तरह का विवाद या गलतफहमी पैदा न हो.
गरबा में जाने को लेकर अध्यक्ष का बयान
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने विश्व हिंदू परिषद की ओर से गरबा आयोजनों को लेकर कही गई बात का भी स्वागत किया. उन्होंने कहा कि अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति गरबा पंडाल में धार्मिक आयोजन में शामिल होना चाहता है, तो उसे वहां की धार्मिक परंपराओं का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने टीका लगाने, गंगाजल ग्रहण करने और मूर्ति पूजा जैसी बातों का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल डांस करने के उद्देश्य से गरबा पंडाल में जाना उचित नहीं है.
धार्मिक भावनाओं के सम्मान पर जोर
डॉ. सलीम राज ने दोहराया कि गरबा हिंदू समाज की धार्मिक आस्था और नवरात्रि पर्व से जुड़ी परंपरा है. उनके मुताबिक, सभी समुदायों को एक-दूसरे के धार्मिक आयोजनों और भावनाओं का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से अपील की कि वे नवरात्रि के दौरान गरबा आयोजनों को लेकर संयम बरतें और ऐसे किसी भी कदम से बचें, जिससे सामाजिक स्तर पर विवाद की स्थिति पैदा हो.
मंत्री टंक राम वर्मा ने कही सामाजिक समरसता की बात
वक्फ बोर्ड की इस अपील पर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां अलग-अलग धर्म और संस्कृतियां साथ रहती हैं. उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए सभी को एक-दूसरे के धर्म और संस्कृति का सम्मान करना चाहिए. मंत्री के मुताबिक, आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना ही समाज में समरसता को मजबूत करती है.
One thought on “CG News: गरबा पंडालों को लेकर वक्फ बोर्ड की बड़ी अपील, मुस्लिम समाज से दूरी बनाए रखने को कहा”