CG News: त्योहारी सीजन से पहले शक्कर के दाम में बड़ा उछाल, 43 से 71 रुपए किलो पहुंची कीमत
CG News: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले शक्कर की बढ़ती कीमतों ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है. करीब डेढ़ महीने पहले थोक बाजार में 42 से 43 रुपए किलो बिकने वाली शक्कर अब 69 से 71 रुपए किलो तक पहुंच गई है. यानी कम समय में कीमत में करीब 28 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है. इसका सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है.
कम आवक और सीमित स्टॉक बना वजह
थोक कारोबारियों के मुताबिक बाजार में शक्कर की आवक कम होने और सीमित स्टॉक के कारण कीमतों में तेजी बनी हुई है. कारोबारियों का कहना है कि गन्ने से एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने के रस और शीरे के इस्तेमाल में बढ़ोतरी का असर चीनी उत्पादन पर भी पड़ा है. उत्पादन कम रहने से बाजार में सप्लाई प्रभावित हुई है.
एथेनॉल उत्पादन का भी असर
कारोबारियों के अनुसार पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के लिए गन्ने और उसके रस का इस्तेमाल बढ़ने से चीनी उत्पादन के लिए उपलब्ध गन्ने पर असर पड़ा है. सीजन के अंतिम दौर में स्टॉक सीमित होने और आवक प्रभावित होने से बाजार में आपूर्ति का दबाव बढ़ा है. महाराष्ट्र के बीड और लातूर समेत अन्य क्षेत्रों से आने वाली शक्कर की आवक में कमी का असर स्थानीय बाजार पर भी दिखाई दे रहा है.
अरुण साव बोले, जल्द सामान्य होंगे हालात
शक्कर की कीमतों में तेजी को लेकर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी की परिस्थितियां वैश्विक स्तर पर बनी हैं. उनका दावा है कि यह स्थिति ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहेगी और जल्द ही परिस्थितियां सामान्य होने की उम्मीद है.
मिठाई और बेकरी उत्पाद हो सकते हैं महंगे
आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार हैं, जिनके दौरान मिठाई और बेकरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में अगर शक्कर की कीमतों में तेजी जारी रही, तो इसका असर इन उत्पादों की लागत पर भी पड़ सकता है. फिलहाल कारोबारियों के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि आने वाले दिनों में शक्कर के दाम किस स्तर तक पहुंचेंगे.
यह भी पढ़ें : CG News: महतारी वंदन योजना में बड़ा खुलासा, 11 अपात्र महिलाओं से होगी 1.24 लाख की वसूली