CG News: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 7 थाना प्रभारी समेत 10 अधिकारियों का ट्रांसफर
CG News: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है. पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर से जारी आदेश के अनुसार, 7 निरीक्षकों और 3 उप निरीक्षकों सहित कुल 10 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है. यह आदेश पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा पर डीजीपी अरुण देव गौतम ने जारी किया है.
इन अधिकारियों का हुआ तबादला
जारी आदेश के तहत लक्ष्मण भगत को राजनांदगांव से जशपुर, सतीश कुमार साहू को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से बिलासपुर, नसीमुद्दीन खान को सूरजपुर से बलौदाबाजार-भाटापारा और अजय कुमार साहू को बलरामपुर-रामानुजगंज से बिलासपुर भेजा गया है, वहीं, अमित कुमार बेरिया का तबादला दंतेवाड़ा से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर किया गया है. प्रेम प्रकाश अवधिया को कांकेर से रायपुर ग्रामीण और सुनील दुबे को बीजापुर से कांकेर की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
तीन उप निरीक्षकों की भी नई पदस्थापना
उप निरीक्षकों में गणेश यादव को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी से सरगुजा, अमित गुप्ता को मुंगेली से सूरजपुर और वीणा साहू को रायगढ़ से पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर स्थानांतरित किया गया है, पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे. संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना स्थल पर जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की कवायद
पुलिस विभाग के अनुसार, यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकताओं और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है. माना जा रहा है कि नई तैनातियों से विभिन्न जिलों में पुलिसिंग और प्रशासनिक समन्वय को और मजबूती मिलेगी.