CG News: अंबिकापुर में स्वास्थ्य विभाग पर बड़ी कार्रवाई, RHO निलंबित
CG News: अंबिकापुर में स्वास्थ्य विभाग में निजी मार्केटिंग कंपनी के प्रचार-प्रसार से जुड़े मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है, जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक ने आरएचओ स्वयंवर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रियंका सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मामला कैसे सामने आया
धौरपुर क्षेत्र के पडौली उप स्वास्थ्य केंद्र में RHO द्वारा निजी मार्केटिंग कंपनी के प्रचार का वीडियो सामने आया था। इसे गंभीर मानते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए थे, जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा समय पर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने पर भी सवाल उठे। इसके बाद संयुक्त संचालक ने दोबारा जांच टीम गठित की और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई।
CMHO को नोटिस जारी
संयुक्त संचालक ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उनसे पूछा गया है कि दो वेतन वृद्धि रोकने का आधार क्या था और समय पर रिपोर्ट क्यों नहीं दी गई, जांच के दौरान RHO ने स्वीकार किया कि उन्हें नियमों की पूरी जानकारी नहीं थी और उन्होंने गलती के लिए माफी भी मांगी, लेकिन नियम उल्लंघन को गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।
विभागीय लापरवाही पर सवाल
इस पूरे मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कुछ अधिकारियों द्वारा लापरवाह कर्मचारियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति प्रभावित हो रही है।