CG News : छत्तीसगढ़ के बस्तर में भीषण सड़क हादसा: बस की ट्रक से टक्कर, ड्राइवर और हेल्पर की मौत
CG News : छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस ड्राइवर और हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3-4 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
माजीसा पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना बस्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले माजीसा पेट्रोल पंप के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब ड्राइवर को झपकी आ गई और बस का नियंत्रण छूट गया। बस सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि केबिन चकनाचूर हो गया
टक्कर इतनी तेज़ थी कि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर का शव केबिन में फंस गया, जिसे निकालने के लिए कटर मशीन का इस्तेमाल करना पड़ा। हेल्पर की भी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।