CG News: बिलासपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट के इंजन में खराबी, दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
CG News: बिलासपुर से प्रयागराज होते हुए नई दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट 9I 698 में शुक्रवार दोपहर तकनीकी खराबी आ गई. मेरठ के पास पहुंचने पर पायलट को विमान के एक इंजन में समस्या का पता चला. इसके बाद पायलट ने तुरंत दिल्ली एयर ट्रैफिक कंट्रोल को जानकारी दी और विमान की आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी.
दिल्ली एयरपोर्ट पर घोषित हुई इमरजेंसी
पायलट का संदेश मिलते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए रनवे पर दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और अन्य जरूरी इंतजाम तैनात किए गए. करीब 2:15 बजे विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया.
विमान में सवार थे 54 लोग
फ्लाइट में क्रू सदस्यों समेत कुल 54 लोग सवार थे. इंजन में खराबी की खबर के बाद यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही. यात्रियों के मुताबिक, एक इंजन के बंद होने के बाद सभी की नजर उसी तरफ बनी हुई थी. हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित दिल्ली पहुंचा दिया.
बिलासपुर से सुबह रवाना हुई थी फ्लाइट
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी. विमान करीब 11:58 बजे प्रयागराज पहुंचा. यहां कुछ देर रुकने के बाद दोपहर 12:33 बजे फ्लाइट ने नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी. इसी दौरान मेरठ के आसपास विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई.
DGCA ने दिए जांच के आदेश
इंजन में खराबी आने के बावजूद पायलट ने विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचाया. लैंडिंग के बाद यात्रियों और क्रू ने राहत की सांस ली. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. विमान में तकनीकी खराबी किस वजह से आई, इसका पता लगाने के लिए DGCA ने जांच के आदेश दिए हैं.
One thought on “CG News: बिलासपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट के इंजन में खराबी, दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग”