CG News: PM आवास पर आमने-सामने विजय शर्मा और भूपेश बघेल, रायपुर प्रेस क्लब में होगी बहस
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जारी सियासी विवाद अब खुली बहस तक पहुंच गया है. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पीएम आवास के मुद्दे पर बहस की चुनौती दी है. विजय शर्मा ने बहस के लिए रायपुर प्रेस क्लब की जगह तय की, जिसे भूपेश बघेल ने भी स्वीकार कर लिया है.
विजय शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का आरोप है कि भूपेश बघेल पीएम आवास को लेकर सवाल उठाकर अपनी सरकार की नाकामी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं. विजय शर्मा के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में सवा 11 लाख से ज्यादा पीएम आवास बन चुके हैं. उन्होंने हाल ही में करीब 2 लाख से अधिक आवासों में गृहप्रवेश कार्यक्रम होने का भी दावा किया है.
भूपेश बघेल ने चुनौती स्वीकार की
विजय शर्मा की चुनौती पर भूपेश बघेल ने भी बहस के लिए हामी भर दी है. उन्होंने कहा कि वह रायपुर प्रेस क्लब में पीएम आवास के मुद्दे पर बहस करने के लिए तैयार हैं. भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि सिर्फ वह ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के अन्य नेता भी इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार हैं. इससे दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं.
आवास के आंकड़ों पर दोनों के अलग-अलग दावे
भूपेश बघेल का दावा है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 18.45 लाख पीएम आवास स्वीकृत हुए थे, जबकि 11 लाख से ज्यादा मकान पूरे किए गए. उनका कहना है कि केंद्र के आंकड़ों में 9.81 लाख आवास बताए गए हैं. वहीं विजय शर्मा का दावा है कि केंद्र ने पिछले 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ के लिए 24 लाख 54 हजार आवास मंजूर किए, जिनमें 20 लाख 41 हजार मकान बन चुके हैं और 11 लाख से अधिक आवास पिछले ढाई साल में तैयार हुए हैं.
विधानसभा से प्रेस क्लब तक पहुंचा विवाद
पीएम आवास का मुद्दा छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय से बीजेपी और कांग्रेस के बीच टकराव का कारण रहा है. पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के दौरान तत्कालीन पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव के साथ भी पीएम आवास को लेकर मतभेद सामने आए थे. अब यही मुद्दा विजय शर्मा और भूपेश बघेल के बीच बहस की वजह बन गया है. हाल ही में सक्ती के जेठा गांव में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पीएम आवास को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा था.
One thought on “CG News: PM आवास पर आमने-सामने विजय शर्मा और भूपेश बघेल, रायपुर प्रेस क्लब में होगी बहस”