CG News: छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल असर, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में लू का अलर्ट, तेज हवाओं और बारिश की संभावना
CG News: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज इन दिनों बेहद अस्थिर बना हुआ है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले दो दिनों के लिए लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश भी हो सकती है, लेकिन गर्मी का असर बना रहेगा।
बिजली गिरने और बूंदाबांदी की भी संभावना
मौसम विभाग का कहना है कि 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कहीं-कहीं बिजली गिरने और बूंदाबांदी की भी संभावना है। इसके बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी।
कोरबा में हादसा, 3 लोग घायल
इस बीच कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरकर पड़ोसी के घर पर जा गिरी, जिससे अजय धनवार, उनकी पत्नी और बच्चा मलबे में दब गए। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ट्रफ लाइन का असर
मौसम में इस बदलाव की वजह यूपी से ओडिशा तक सक्रिय ट्रफ लाइन को बताया जा रहा है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है, प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.4°C रहा।
रायपुर में गर्म रात का अलर्ट
राजधानी रायपुर में हीट वेव के साथ ‘गर्म रात’ की स्थिति बनी रह सकती है। यहां अधिकतम तापमान 44°C और न्यूनतम 29°C के आसपास रहने का अनुमान है, मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश जारी रह सकती है, लेकिन लू का प्रभाव भी समानांतर बना रहेगा।