रायपुर जिले की पंचायतों में हर महीने मनाया जाएगा रोजगार-आवास दिवस: 7 तारीख को योजनाओं की मिलेगी जानकारी, मौके पर सुलझेंगी समस्याएं
रायपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में अब हर महीने की 7 तारीख को रोजगार एवं आवास दिवस आयोजित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार, आवास और आजीविका से जुड़ी शासकीय योजनाओं की जानकारी देना और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाना है। आयोजन के दौरान संबंधित अधिकारी गांव में ही मौजूद रहकर समस्याओं का समाधान करेंगे।
कलेक्टर के निर्देश पर हुआ आयोजन
7 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों के नाम सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाए गए। साथ ही आवास निर्माण में मिलने वाली सहायता राशि, मनरेगा मजदूरी और निर्माण सामग्री से जुड़ी जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
पूर्ण आवासों के हितग्राहियों को सौंपी गई चाबियां
जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने ग्राम पंचायत परसदा, लखोली और रसनी में आयोजित आवास दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने पूर्ण हो चुके आवासों के हितग्राहियों को घर की चाबियां सौंपीं और निर्माण कार्य समयसीमा के भीतर तथा गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने की अपील की।
रोजगार योजनाओं पर भी दी गई जानकारी
रोजगार दिवस के तहत ग्रामीणों को विकसित भारत-जी राम योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत 125 दिनों के रोजगार, जल संरक्षण, सिंचाई कार्य, भू-जल संरक्षण और आजीविका डबरी निर्माण जैसे कार्यों के माध्यम से आय बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से अपील की गई कि वे प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित रोजगार-आवास दिवस में भाग लेकर योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।