CG News: दिल्ली दौरे से लौटे दीपक बैज ने भाजपा सरकार को घेरा, संगठन विस्तार से लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था पर बोले
CG News: दिल्ली दौरे से लौटने के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन विस्तार को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में जल्द नई नियुक्तियां की जाएंगी. इस बार करीब 10 से 20 प्रतिशत नए चेहरों को जिम्मेदारी देने की तैयारी है. वहीं ज्यादातर पुराने पदाधिकारियों को बरकरार रखा जाएगा.
सक्रिय कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका
दीपक बैज ने कहा कि कुछ पदाधिकारी व्यक्तिगत कारणों से संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं. ऐसे लोगों की जगह सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने बताया कि कांग्रेस हाईकमान ने भी संगठन में नए चेहरों को शामिल करने पर सहमति दे दी है और जल्द ही नियुक्तियों की घोषणा की जाएगी.

दिल्ली बैठक में संगठन की हुई समीक्षा
पीसीसी चीफ ने दिल्ली में हुई कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के काम की सराहना हुई है. उन्होंने बताया कि ऑनलाइन रिपोर्टिंग सिस्टम के जरिए संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है. बैठक में आगामी चुनावों और भाजपा के खिलाफ रणनीति पर भी चर्चा हुई.
एंटी पेपर लीक कानून पर उठाए सवाल
राज्य सरकार के एंटी पेपर लीक कानून पर दीपक बैज ने सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह का कानून बनाया गया था, लेकिन उसका असर नजर नहीं आया. बैज ने आरोप लगाया कि पेपर लीक मामलों में कार्रवाई के बजाय कई जिम्मेदार लोगों को बचाया गया. उन्होंने कहा कि कानून बनाने से ज्यादा जरूरी उसका सख्ती से पालन करना है.
PSC विवाद पर भाजपा को घेरा
PSC भर्ती विवाद को लेकर भी दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान PSC मामले को बड़ा मुद्दा बनाया था, लेकिन अब चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तियां दी जा रही हैं. बैज ने सवाल उठाया कि अगर घोटाला हुआ था तो फिर नियुक्तियां क्यों की गईं.
स्वास्थ्य व्यवस्था पर सरकार को घेरा
दीपक बैज ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि बस्तर में मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों से लोगों की मौत हो रही है. उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अस्पतालों में कई तरह की अव्यवस्थाएं हैं. बैज ने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की.