CG News: रायपुर Axis Bank में 14.97 लाख की कथित बैंक फ्रॉड, मोबाइल नंबर बदलकर FD तोड़ने का आरोप
CG News: रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित Axis Bank शाखा में ग्राहक के खाते से करीब 14.97 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. बैंक की शिकायत के अनुसार, शाखा में पदस्थ उप प्रबंधक कुलदीप सिंह पर आरोप है कि ग्राहक के खाते में दर्ज मोबाइल नंबर को फर्जी Customer Request Form के जरिए बदल दिया गया. इसके बाद बदले गए नंबर का इस्तेमाल कर बैंक के मोबाइल एप से ग्राहक की FD को समय से पहले बंद किया गया और रकम दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दी गई.
FD तोड़कर दूसरे खाते में भेजी रकम
शिकायत के मुताबिक, ग्राहक सुषमा कुमार की करीब 14.40 लाख रुपए की सावधि जमा को मोबाइल एप के जरिए बंद किया गया. FD की रकम बचत खाते में आने के बाद खाते में मौजूद अन्य रकम को मिलाकर कुल 14,97,451.32 रुपए अलग-अलग लेन-देन के जरिए Indian Sales नाम के खाते में ट्रांसफर किए गए. शिकायत में यह खाता योगेश येडे के नाम से संचालित होने की जानकारी दी गई है. रकम पहुंचने के बाद चेक और ATM समेत अलग-अलग माध्यमों से धनराशि निकालने का आरोप है.
7 अगस्त को सामने आया मामला
बैंक की शिकायत के अनुसार, 7 अगस्त को ग्राहक सुषमा कुमार जगमल चौक स्थित बैंक शाखा पहुंचीं. उन्होंने बताया कि उनके खाते में दर्ज मोबाइल नंबर उनकी जानकारी और अनुमति के बिना बदल दिया गया है. साथ ही उन्हें पता चला कि उनकी FD को समय से पहले बंद कर उसकी रकम निकाल ली गई है. इसके बाद बैंक ने अपने स्तर पर जांच की, जिसमें खाते से 14,97,451.32 रुपए के संदिग्ध ट्रांसफर और निकासी का पता चलने की बात कही गई है.
बैंक कर्मचारी पर भी गंभीर आरोप
शिकायत में दावा किया गया है कि उप प्रबंधक कुलदीप सिंह ने कथित तौर पर अपनी चूक स्वीकार करते हुए लिखित बयान दिया. बैंक के अनुसार, उसके परिचित नरेश साहू के माध्यम से 10 अगस्त को पीड़ित के खाते में एक लाख रुपए जमा कराए गए. बैंक ने पुलिस को Customer Request Form, संबंधित खातों के स्टेटमेंट, चेक की प्रतियां और कर्मचारी के कथित बयान समेत कई दस्तावेज सौंपे हैं.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
बैंक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शिकायत में बैंक कर्मचारी कुलदीप सिंह और Indian Sales के प्रोपराइटर योगेश येडे की भूमिका की जांच की मांग की गई है. पुलिस अब फर्जी फॉर्म तैयार करने, मोबाइल नंबर बदलने, बैंक एप के जरिए FD तोड़ने, रकम ट्रांसफर करने और ATM व चेक से पैसे निकालने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है. डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक लेन-देन की जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.